शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को रांची समाहरणालय में रक्तदान शिविर

0
Ranchi DC

रांची, 2 अगस्त:स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर रांची जिला प्रशासन की ओर से 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पूर्वाह्न 11:00 बजे से रांची समाहरणालय परिसर के ब्लॉक ‘A’, प्रथम तल, कक्ष संख्या-108 में आयोजित होगा।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों से स्वयं रक्तदान करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस मानवीय कार्य के लिए प्रेरित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है और शिबू सोरेन की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि अधिक से अधिक लोग इस सेवा अभियान से जुड़ें।

उपायुक्त ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, गरीब एवं आदिवासी समुदायों के अधिकार, सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे मानवीय कार्य के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रतीक है।

जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अनुरोध किया है कि वे स्वेच्छा से रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here