रांची: झारखंड में जल जीवन मिशन (जेजेएम) और स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम, ग्रामीण) की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की देखभाल करने वाली 29604 जल सहिया को हेमंत सरकार अब स्मार्ट फोन और साल में दो साड़ी में देने वाली है .जल एवं स्वच्छता विभाग ने झार जल मोबाइल ऐप के माध्यम से जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्धारित मासिक कार्यों को दर्ज करने और अपलोड करने के लिए प्रत्येक जल सहिया को एक वर्ष में एक स्मार्ट फोन और दो साड़ियाँ प्रदान की जाएगी।पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा 1,000 रुपये मानदेय पाने वाली जल सहियाओं को 12,000 रुपये मूल्य के स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है. स्मार्ट फोन में न्यूनतम तीन जीबी रैम और 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज होगी, लेकिन स्मार्ट फोन डेटा का खर्च जल सहियाओं को खुद ही वहन करना होगा। इस्तीफा देने या काम से हटाने या मृत्यु की स्थिति में, स्मार्ट फोन विभाग को वापस करना होगा। जबकि जल सहिया को 600 रुपये प्रति साड़ी के हिसाब से दो साड़ी दी जानी है. जल सहियाओं को दी जाने वाली साड़ियों का रंग आसमानी नीला और आधा गहरा नीला होगा. विभागीय सचिव मनीष रंजन ने जल सहियाओं को देय स्मार्ट फोन और साड़ियों पर 39.07 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति दी है.अब इसकी खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



