रांची : दिनांक 09.07.2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घर मे हुई चोरी (अरगोड़ा थाना कांड सं. 172/26) का रांची पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सफल उद्भेदन किया। मामले में गिरफ्तार अभियुक्त समीर खान उर्फ कबीर खान (सोना व्यवसाई) की निशानदेही पर उसके ससुराल मुजफ्फरपुर से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹65 लाख है। पुलिस ने बताया है कि मुख्य आरोपी ने समीर खान के पास ज्वेलरी रखी थी और थोड़ा-थोड़ा करके पैसे की मांग कर रहा था.इससे पहले पुलिस घटना में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101), चोरी के आभूषण तथा ₹17.36 लाख नकद भी बरामद कर चुकी थी। अब तक इस कांड में ₹1 करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
बता दें कि पुलिस ने इस मामले में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों की पहचान की है. इनमें इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा शामिल हैं. सीतामढ़ी के योगिया गढ़ा गांव के मो. इरफान उर्फ उजाले ने अपने दोस्त अफरोज उर्फ समीर और सिलीगुड़ी के नवीन शर्मा के साथ मिलकर चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था।पुलिस ने इस मामले में इरफान की पत्नी गुलशन परवीन और अफरोज की पत्नी की पत्नी शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया है।




