रांची: डीसी ने जिला के झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों से कहा है कि वो अपना भौतिक सत्यापन अवश्य करायें। सत्यापन प्रपत्र निःशुक्ल है, जो आंगनवाड़ी सेविका से संपर्क कर प्राप्त किया जा सकता है। सत्यापन के लिए किसी भी स्तर पर पैसों की मांग किये जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज योजना के संबंध में डीसी ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारियों एवं सीडीपीओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
भौतिक सत्यापन निःशुल्क, राशि वसूलने की शिकायत पर होगी सख्त कार्रवाई
झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में लाभुकों से भौतिक सत्यापन के नाम पर राशि वसूलने की मिल रही शिकायत पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए सेविका या अन्य के द्वारा राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित एल एस, सीडीपीओ पर कार्रवाई की जायेगी।लाभुकों से योजना अंतर्गत सत्यापन के लिए पैसों की मांग किये जाने पर अबुआ साथी (9430328080) या विभिन्न प्रखंडों के लिए बनाये गये अबुआ ग्रुप पर जानकारी दे।
‘ लोगों को सही जानकारी दें पदाधिकारी ’
योजना के लाभ को लेकर कई लोग प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। इसपर संबंधित पदाधिकारियों को कहा कि झारखण्ड मंईयां सम्मान योजना हेतु जिनका नाम सूची में नहीं है, उन्हें पूरी जानकारी आवश्यक रूप से दें। लोगों को विश्वास और साकारात्मकता के साथ उचित जानकारी प्रदान करें।




