रांची: बोकारो के बाद राज्य की राजधानी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. जेल चौक के पास केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवासीय परिसर में आधा दर्जन से अधिक मुर्गों की मौत के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई और सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए.पुष्टि के बाद पशुपालन निदेशक ने जेल चौक के एक किमी के दायरे में स्थित पोल्ट्री फार्मों का सर्वे करने के निर्देश दिए. इसके अलावा इस दायरे में आने वाले सभी मुर्गों को मारा जाएगा।जेल चौक के 10 किमी की परिधि में निगरानी रखने के भी निर्देश दिए हैं। दैनिक बाजार, लालपुर बाजार और रांची झील सभी परिधि में आते हैं।होली के दौरान मांस और मछली की मांग बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पशुपालन निदेशालय ने जिले की सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है.
बता दें कि बर्ड फ्लू से संक्रमित मुर्गा को खाने से लोग भी इसकी चपेट में आ जाते हैं। बर्ड फ्लू होने पर लोगों को बुखार आता है। मांसपेशियों में दर्द, हर समय नाक बहना, कफ की समस्या, पेट के निचले हिस्से में दर्द रहना, सिर में दर्द, आंखों का लाल हो जाना, दस्त होना आदि लक्षण हैं। बता दें कि बर्ड फ्लू एवियन इंफ्लूएंजा (H5N1) वायरस है। यह पक्षियों में फैलता है और उनके माध्यम से इंसानों को संक्रमित करता है। इस बीमारी से ग्रसित इंसान की मौत भी हो जाती है। हाल में देश के कई शहरों में यह बीमारी फैली है।



