रांची ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई 2026 के महीने में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1,20,197 वाहनों का चालान काटा है, जिससे कुल 7.80 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, यह बड़ी कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
सबसे ज्यादा 56,032 वाहनों के चालान नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने पर काटे गए।दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट के सफर करने वाले 51,055 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।सिग्नल तोड़ने वाले 4,471 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई।तय सीमा से अधिक तेज गाड़ी चलाने वाले 2,367 वाहनों का चालान हुआ। प्रतिबंधित समय या मार्ग में प्रवेश करने वाले 1,547 वाहनों पर कार्रवाई की गई।लाइसेंस के बिना गाड़ी चलाने वाले 505 चालकों को पकड़ा गया। सीट बेल्ट न लगाने पर 237 और बाइक पर ट्रिपल लोडिंग करने पर 64 चालान काटे गए।
सख्त कानूनी कार्रवाई:
जुर्माने के साथ-साथ गंभीर मामलों में कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई है। ट्रैफिक एसपी के मुताबिक, कुल 1,015 मामलों को कोर्ट (अभियोजन) भेजा गया है, जिनमें से 984 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमेशा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।




