रांची।रांची जिले के मांडर प्रखंड में आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मांडर आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र और मांडर आजीविका महिला संकुल संगठन के कार्यालयों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह और कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान OSF परियोजना के अंतर्गत सखी मंडल से जुड़ी 115 उद्यमियों को कुल 59,72,000 रुपये की सीईएफ राशि प्रदान की गई और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा महिला किसान समूहों को कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रैक्टर भी वितरित किए गए।
मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को न्याय, आजीविका और विभिन्न सरकारी सेवाओं तक सरल, सुलभ और सशक्त पहुँच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यक्रम में जेंडर शपथ के माध्यम से जागरूकता का संदेश भी दिया।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह दिन आजीविका दीदियों के सफल सफर के नाम रहा। उन्होंने बताया कि कार्यालय उद्घाटन सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, उन्हें आजीविका के क्षेत्र में न्याय दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिला समूह और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है, और यह राशि महिला समूहों द्वारा किए जा रहे आजीविका कार्यों को और गति देने में मददगार साबित होगी।




