झारखंड के जेलों में कर्मियों की भारी कमी को देखते हुए राज्य सरकार जल्द ही कक्षपालों की बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगी। राज्य के जेलों में 1634 पदों पर पुरुषों और 64 पदों पर महिलाओं की नियुक्ति की तैयारी है। मिली जानकारी के मुताबिक, नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने जेएसएससी को अधियाचना भेज दी है।नियुक्ति की कार्रवाई झारखंड राज्य की पुलिस, कक्षपाल, सिपाही (गृह रक्षा वाहिनी), उत्पाद सिपाही संयुक्त भर्ती नियमावली-2025 के तहत की जाएगी। पिछले माह ही इस नियमावली को राज्य मंत्रिपरिषद से स्वीकृति मिली है। कक्षपाल की नियुक्ति प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में सफल होना होगा। शारीरिक परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का आयोजन होगा। दौड़ प्रक्रिया को पहले से काफी सरल करते हुए दूरी को घटाया गया है। बता दें कि बीते मार्च माह में हुई कैबिनेट बैठक में पुलिस, कक्षपाल, सिपाही और उत्पाद सिपाही नियुक्ति के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में बदलाव किया गया है।पुरुष अभ्यर्थियों को छह मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। पहले यह दौड़ 10 किमी की होती थी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। पहले उन्हें छह किमी की दौड़ लगानी पड़ती थी।




