झारखंड:धान खरीद पर किसानों को एमएसपी ₹2,369 प्रति क्विंटल के साथ ₹100 बोनस भी दिया जाएगा।यह निर्णय राज्य के लाखों किसानों के लिए राहत की नई उम्मीद है।उन्हें पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा MSP मिलने के साथ ही एकमुश्त भुगतान का भी लाभ मिलेगा।अनियमित भुगतान राज्य के किसानों की प्रमुख समस्या थी।एकमुश्त राशि भुगतान से इसका निवारण हो सकेगा।खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य की रजत जयंती पर यह घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि अब किसानों को एमएसपी 2,369 रुपये प्रति क्विंटल के साथ 100 रुपये बोनस भी प्रदान किया जाएगा। सरकार 15 दिसंबर तक धान खरीदी का काम शुरू कर देगी.
झारखंड में धान खरीद लंबे समय से बिचौलियों के हस्तक्षेप, देर से मिलने वाले भुगतान और जटिल प्रक्रियाओं के कारण प्रभावित होती रही है। किस्तों में भुगतान की व्यवस्था ने किसानों की पूँजी को महीनों तक अटके रखा, जिससे अगली फसल की तैयारी में उन्हें गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यदि किसानों को समय पर पूरा भुगतान मिल सके, तो वे आगामी कृषि कार्य सुचारु रूप से कर पाएंगे। सरकार यदि इस प्रणाली को डिजिटल भुगतान और मजबूत निगरानी तंत्र के साथ लागू करती है, तो यह मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रभावी उदाहरण बन सकता है।




