रांची:बांग्लादेशी और रोहंगिया घुसपैठ मामले में ईडी (ED) ईसीआईआर (ECIR) दर्ज किया गया है.संथाल परगना के छह जिलों में कथित रुप से बांग्लादेशी घुसपैठ की जांच के लिए ईडी ने रांची के बरियातू थाना में चार जून को दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 188/2024) को टेकओवर कर लिया है. बीते महीने रांची पुलिस ने बरियातू थाना क्षेत्र के हिल व्यू रोड स्थित बाली रिजॉर्ट से तीन लड़कियों को पकड़ा था. बरियातू पुलिस को आगे पता चलता है कि तीनों लड़कियां बांग्लादेशी हैं. फिर इन्हे फॉरेन एक्ट उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इन्होने पुलिस को जानकारी दी कि बंगाल से एक महिला के द्वारा फोन किया गया था और ब्यूटी पार्लर में काम देने की बात कही गई थी.युवतियों के अनुसार जब इन्हें भारत लाया गया तो इन्हे बीयर बार में डांसर सहित अन्य धंधों में लगा दिया गया था. बताया जा रहा है कि ये लड़कियां भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगे फेंसिंग को क्रॉस कर भारतीय सीमा में दाखिल हुई थीं. तीनों लड़कियां का बंगाल में फर्जी आधार कार्ड बनाया गया. फिर कोलकाता होते हुए तीनों रांची पहुंची. ईडी ने पुलिस अनुसंधान के आधार पर इस मामले को मनी लांड्रिंग अधिनियम के तहत जांच करने का फैसला लिया है. मामले में झारखंड हाईकोर्ट की तरफ से एक स्वतंत्र पैनल का गठन भी किया गया है.




