नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत ’21वीं सदी में स्कूली शिक्षा’ विषय पर आयोजित एक सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 11 बजे संबोधित करेंगे। बता दें कि, शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों तक शिक्षा नीति को पहुंचाने के लिए दो दिन का एक सम्मेलन आयोजित कर रखा है जो गुरूवार से शुरू हुआ। जिसमें देशभर के कई शिक्षकों और प्रिंसिपलों ने ऑनलाइन जुड़कर अपनी बात रखी। इससे पहले पीएम मोदी 7 सितंबर को भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर राज्यपालों और राज्यों के शिक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित कर चुके हैं। जिसमें उन्होंने शिक्षा नीति के अमल का पूरा रोडमैप दिया था। साथ ही कहा था कि इसके अमल को लेकर ज्यादा लचीला रूख अपनाया जाए।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से जारी एक बयान के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय “शिक्षा पर्व” के एक हिस्से के रूप में 10 और 11 सितंबर को इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। बयान में कहा गया है कि शिक्षकों को सम्मानित करने और नई शिक्षा नीति 2020 को आगे बढ़ाने के लिए 8 सितंबर से 25 सितंबर तक शिक्षा पर्व मनाया जा रहा है। देशभर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं पर विभिन्न वेबिनार, वर्चुअल सम्मेलन और सभाएं आयोजित की जा रही हैं। ताजा खबरों के लिए बने रहिए the news mirchi के साथ,



