नई दिल्ली: दुनियाभर के देशों में अपना कहर बरपा रहे कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के सुलतान सलमान बिन अब्दुल अजीज अल-सऊद से बात की। जहां दोनों नेताओं के बीच कोविड-19 महामारी के परिणामस्वरूप उपजी वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से मिली जानकारी के अनुसार, टेलीफोन पर हुई इस वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने जी-20 देशों की बैठक की अध्यक्षता करने और कुशल नेतृत्व देने के लिए सऊदी अरब की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सुलतान सलमान को कोरोना महामारी के दौरान प्रवासी भारतीयों की मदद करने के लिए ‘विशेष शुक्रिया’ कहा। इसके अलावा दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि जी-20 देशों के स्तर पर की गई पहल से कोरोना महामारी के खिलाफ समन्वित प्रतिक्रिया को बढ़ावा देने में मदद मिली।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर संतुष्टि जताई और सभी क्षेत्रों में सहयोग को आगे और भी मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान मोदी ने सुलतान सलमान, शाही परिवार के अन्य सदस्यों और सऊदी अरब के नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और कुशल क्षेम की कामना की। ताजा खबरों के लिए बने रहिए the news mirchi के साथ,



