नई दिल्ली: दिल्ली के केजरीवाल सरकार ने डेंगू के खिलाफ रविवार को ’10 हफ्ते 10 बजे 10 मिनट हर रविवार डेंगू पर वार’ अभियान की पहल की है। आज सुबह 10 बजे सीएम अरविंद केजरीवाल अपने आवास पर साफ सफाई करके इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के जरिए हम दिल्ली को डेंगू और चिकनगुनिया से हमेशा के लिए निजात दिलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, विधायक और अधिकारी भी हर रविवार को अपने घर में अभियान चलाएंगे। वहीं, दिल्ली के लोगों से सीएम केजरीवाल ने सुबह 10:00 बजे 10 मिनट 10 हफ्ते के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। जिससे कि दिल्ली को डेंगू मुक्त बनाया जा सके।
हर साल डेंगू के सबसे ज्यादा मामले 1 सितंबर से 1 नवंबर के बीच आते हैं। केजरीवाल ने कहा कि, हम दिल्ली में डेंगू के खिलाफ अगले 10 हफ्ते तक चलने वाली लड़ाई शुरु कर रहे हैं। हर रविवार सुबह 10: 00 बजे 10 मिनट के लिए हमें अपने-अपने घर पर यह देखना है कि कहीं साफ पानी इकट्ठा तो नहीं है। जैसे गमला, कूलर, फूलदान इन सभी को अच्छे से चेक करना है। अगर कहीं पर भी पानी जमा है तो उसे उड़ेल दें या तेल या पेट्रोल डाल दें।
रविवार को 10: 00 बजे 10 मिनट 10 हफ्ते अभियान की शुरुआत की जाएगी।
दिल्लीवासी अपने दोस्तों और परिचितों को इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।
साथ ही आरडब्लूए को भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
सेलेब्रिटी और सोशल मीडिया पर प्रभाव रखने वाले लोग भी इस अभियान में हिस्सा लेंगे।
यहां तक कि, स्कूलों में पढ़ने वाले सभी बच्चों को इस अभियान में हिस्सा लेने के लिए उन्हें होमवर्क दिया जाएगा। इसके अलावा ऑफिस में काम करने वाले लोगों को भी अभियान में शामिल होकर इसे सफल बनाने के लिए कहा जाएगा। ताजा खबरों के लिए बने रहिए the news mirchi के साथ,