लातेहार : ₹345 करोड़ की 130 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन,सीएम ने कहा ”भूमि की त्रुटियों को सुधारना आवश्यक”

0

लातेहार : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कुंदरी गांव में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने ₹345 करोड़ की 130 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। ₹215 करोड़ की परिसंपत्ति एवं 900 एकड़ वन भूमि पट्टा का वितरण हुआ।सीएम ने कहा लातेहार में 500 करोड़ रुपए की लागत से 550 KM ग्रामीण सड़क का निर्माण कार्य हो रहा है। राज्य के सभी ग्रामीण सड़क का निर्माण होगा। करीब 15 हजार KM ग्रामीण सड़क निर्माण की दिशा में सरकार आगे बढ़ चुकी है.भूमि लेकर त्रुटियां पूरे राज्य में है। नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज की अधिसूचना रद्द की गई, वर्षों का संघर्ष समाप्त हुआ। राज्य में कई किसानों की भूमि वापस हुई है। भूमि की त्रुटियों को सुधारना आवश्यक है। विश्वास रखें आने वाले समय में इसका समाधान होगा.

हर वर्ग के लोगों को मिल रहा योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा आयोजित शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याएं और तकलीफ सीधे मुझ तक आती है। सरकार ने हर वो योजना बनाने का कार्य किया है, जिससे राज्य मजबूत हो सके और यहां के गांव में निवास करने वाले लोग सशक्त हो सकें। हमारी सरकार हर वर्ग के लोगों को योजना का लाभ दे रही है, किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं। एक लम्बी लकीर खींचने का प्रयास किया जा रहा है।

भूमि संबंधी त्रुटियों का समाधान होगा, स्थानीय को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि को लेकर त्रुटियां पूरे राज्य में है। इसका समाधान आने वाले दिनों में किया जाएगा। आपकी सरकार ने वर्षों से संघर्ष कर रहें नेतरहाट के लोगों की भूमि को वापस किया है। नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज की अधिसूचना रद्द की गई। राज्य में कई किसानों की भूमि वापस हुई है। भूमि की त्रुटियों को सुधारना आवश्यक है। विश्वास रखें आने वाले समय में इसका समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लातेहार में कार्य कर रही खनन कंपनियां यहां के स्थानीय युवाओं को भारी वाहन और खनन कार्य में उपयोग किए जाने वाले मशीनों के संचालन करने का प्रशिक्षण देंगी। इसके लिए जिला प्रशासन को खनन कंपनियों द्वारा प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया है। ताकि यहां के स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त हो सके। राज्य सरकार ने राज्य में कार्य करने वाले उद्योग में स्थानीय लोगों के नियोजन हेतु 75 प्रतिशत आरक्षण संबंधी कानून भी बनाया है।

सरकार कर रही मदद, लाभ लें

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वरोजगार के लिए सरकार मदद कर रही है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत विभिन्न तरह के छोटे व्यापार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके जरिए युवा अपने पसंद का व्यापार कर सकते हैं। हजारों युवाओं ने इस योजना का लाभ लिया और स्वरोजगार की ओर अग्रसर हुए हैं।

बेहतर शिक्षा के लिए सरकार कर रही प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रही है। बच्चियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा जा रहा है। बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और अफसर बनें, इसके लिए उन्हें प्रतियोगिता-परीक्षा की तैयारी से लेकर विभिन्न कोर्सेस को करने के लिए गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके तहत उन्हें 15 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें कोई गारंटी नहीं देनी होगी। सरकार इसके लिए गारंटर बनेगी। झारखंड के 50 बच्चे विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें शत- प्रतिशत स्कॉलरशिप सरकार दे रही है।

इस अवसर पर मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री श्री बादल पत्रलेख, मनिका विधायक श्री रामचंद्र सिंह, विधायक लातेहार श्री बैजनाथ राम, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, पुलिस उप महानिरीक्षक, पलामू प्रमंडल, उपायुक्त लातेहार, पुलिस अधीक्षक लातेहार, जिला के पदाधिकारीगण, ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं शिविर में आए हजारों लाभुक उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here