रांची. झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर नगर निगम (Ranchi Municipal Corporation) की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल रांची नगर निगम की ओर से जिस जमीन को हॉस्पिटल खोलने के लिए अपोलो ग्रुप (Apollo Group) को दिया गया था, उस पर लोगों ने अतिक्रमण कर अपना घर और गराज बना लिया. बताया जाता है कि नगर निगम ने रांची के बड़ा घाघरा इलाके में हॉस्पिटल (Apollo Hospital) खोलने के लिए चेन्नई के अपोलो ग्रुप को सात वर्ष पहले जो जमीन दी थी. लेकिन, इस जमीन पर अब अतिक्रमणकारियों का कब्जा हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम ने हॉस्पिटल के लिए कुल 2.80 एकड़ जमीन अपोलो ग्रुप को दी थी. अब इसी जमीन के 20 डिसमिल क्षेत्र पर तीन लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर घर का निर्माण कर लिया है. अब ऐसे में नगर निगम की इस लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अब तक निगम को इसकी खबर तक क्यों नहीं हुई?



