कोडरमा को चुना गया राज्य का उत्कृष्ट जिला परिषद, सीएम से मिला 20 लाख ईनाम,सीएम ने कहा, “लोकतंत्र की असली ताकत गाँवों में ही निहित”

0
Hemant soren

रांची: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव, रांची में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026 कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन शामिल हुए।मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत कोडरमा को राज्य की उत्कृष्ट जिला परिषद के रूप में चयनित किया गया है. रांची में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला परिषद को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि सौंपी. इसके साथ ही जिले की चार अन्य पंचायतों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया.
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा,हमारी सरकार रांची के मुख्यालय से नहीं, बल्कि गाँवों से चलने वाली सरकार है। राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हमारे गाँव मजबूत हों, क्योंकि यही हमारी जड़ हैं।आज पंचायत स्तर पर ही कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। लोकतंत्र की असली ताकत गाँवों में ही निहित है।

सीएम ने कहा है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए स्थानीय स्तर पर ठोस पहल जरूरी है।पुराने तालाबों का गहरीकरण, चापाकलों के पास सोख पिट निर्माण और वर्षा जल संचयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि भूजल स्तर बना रहे।साथ ही, खाली जमीन पर सोलर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है, सरकार बिजली खरीदेगी, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता मजबूत होगी।सिंचाई के क्षेत्र में लिफ्ट इरिगेशन योजना के तहत संताल परगना में उल्लेखनीय कार्य हुआ है।

सीएम ने कहा,पंचायत स्तर पर ही आधार सहित अन्य सेवाओं को उपलब्ध कराने के लिए सीएससी के माध्यम से महत्वपूर्ण MoU किया गया है, जिससे ग्रामीणों को अपने गाँव में ही सुविधाएँ मिलेंगी।कार्यक्रम में उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषदों को सम्मानित कर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है क्योंकि अच्छे कार्यों को पहचान देना आवश्यक है।मैं सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करता हूँ कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझें, संसाधनों का सही उपयोग करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गाँवों को विकास की नई दिशा दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here