खूंटी: जिले के अड़की थाना क्षेत्र के चातम उटुब गांव के पास अनियंत्रित होकर एक सवारी गाड़ी के खाई में गिरने से घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना में 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 38 वर्षीय गिदिसोय भेंगरा, 35 वर्षीय बिरसा तोपनो, 35 वर्षीय सेतेंग भेंगरा और 18 वर्षीय मुक्ति चुटिया पूर्ति शामिल हैं. वहीं घायलों में महादेव नायक, शंकर पाहन, सिनी तोपनो, नौरी चुटिया पूर्ति, राजा नायक, बिजला मुंडा, गांगी रुंडा और अजय नायक शामिल हैं.इन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस ने सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने जानकारी दी क़ि अड़की के ग्रामीण सायको बाजार से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान सवारी गाड़ी अनियंत्रित हो गयी और खाई में गिर गई। सवारी वाहन में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। घटना के दौरान पैदल अपने घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला. चीख पुकार की आवाज गांव तक पहुंची तो गांव के कई लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे में एक मासूम बच्चे के पेट मे कांच का टुकड़ा फंस गया था, डॉक्टरों ने बाद में टुकड़ा निकाल दिया गया. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.



