रांची: आज नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित BRICS Chamber of Commerce & Industry – Women Empowerment Annual Summit 2026 में विधायक कल्पना सोरेन शामिल हुईं। विधायक ने बताया कि यह मंच देश-विदेश की महिला नेतृत्वकर्ताओं, नीति निर्माताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हस्तियों का संगम रहा, जहाँ महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों, अनुभवों और पहलों पर व्यापक चर्चा हुई।इस प्रतिष्ठित अवसर पर झारखण्ड में महिला सशक्तिकरण के लिए ‘Women Empowerment Trailblazers Award’ से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण रहा। यह सम्मान झारखण्ड की हर ‘मंईयाँ’ और उन अनगिनत महिलाओं का है जो अपने परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं।मैं आयोजकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। यह सम्मान मुझे और अधिक समर्पण, प्रतिबद्धता और नई ऊर्जा के साथ महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा देता रहेगा।”
विधायक कल्पना सोरेन ने कहा , जब एक महिला आगे बढ़ती है, तो वह केवल अपनी सीमाएँ नहीं तोड़ती, बल्कि पूरे समाज की सोच और संभावनाओं को नया आयाम देती है। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐसा मार्ग बनाती है, जहाँ डर की जगह आत्मविश्वास हो और सीमाओं की जगह अवसर।आज आवश्यकता केवल महिलाओं को आगे लाने की नहीं, बल्कि उन्हें बराबरी का मंच, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और नेतृत्व का अवसर देने की है। विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज़ को सुनना और उन्हें अवसरों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। और यह काम हमारे राज्य झारखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में अबुआ सरकार मईया सम्मान योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से बखूबी कर रही है।झारखण्ड में महिलाएँ अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका बनकर उभर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से वे आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिख रही हैं।एक सशक्त महिला केवल बदलाव का हिस्सा नहीं होती, वह बदलाव की दिशा तय करती है।हम सब मिलकर ऐसा भविष्य बनायेंगे जहाँ हर महिला को आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और अपनी पहचान स्वयं गढ़ने का समान अवसर मिले।
इस अवसर पर मीनाक्षी लेखी (पूर्व विदेश राज्य मंत्री, भारत सरकार), रक्षा खडसे (राज्य मंत्री, युवा मामले एवं खेल), अभिषेक सिंह (महानिदेशक, NIC), संजय भट्टाचार्य (पूर्व BRICS शेरपा), डॉ. रूपिंदर बरार (संयुक्त सचिव, कोयला मंत्रालय), अभिनेत्री शबाना आज़मी, अभिनेत्री एवं उद्यमी भूमि पेडनेकर सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां उपस्थित रहीं।




