JPSC-JSSC आंदोलन: छात्रों के टेंट के लिए मरांडी ने की मुख्य सचिव से बात,बोले–जरूरत पड़ी तो खुद श्रमदान कर लगवाऊंगा टेंट

0

हेडलाइन:

रांची: JPSC परीक्षा में कथित सीट बिक्री के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों को टेंट लगाने की अनुमति नहीं मिलने पर झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार से बात कर छात्रों को तत्काल टेंट लगाने की अनुमति देने की मांग की।

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि आंदोलनरत हजारों छात्र मूसलाधार बारिश के बीच पूरी रात खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें टेंट लगाने की अनुमति तक नहीं दी। उन्होंने इसे छात्रों के साथ “अमानवीय और असंवेदनशील” व्यवहार बताया।

मरांडी ने कहा कि अपने भविष्य के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ये छात्र झारखंड और देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें तत्काल टेंट लगाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसके बावजूद छात्रों को टेंट लगाने की अनुमति नहीं देता है, तो वह स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचकर श्रमदान के माध्यम से छात्रों का टेंट लगवाने में सहयोग करेंगे।

गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और सीट बिक्री के आरोपों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। बारिश के बीच भी उनका धरना जारी है, जबकि आंदोलनकारियों की ओर से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here