वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट राजीव केतन का रविवार को निधन हो गया। करीब 50 वर्षीय राजीव केतन कुछ समय से बीमार चल रहे थे और इन दिनों संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई), लखनऊ में भर्ती थे।
बताया जाता है कि तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां पर रविवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
राजीव केतन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी, पुत्र व पुत्री हैं। वे ललित कला अकादमी के नामित सदस्य थे। इसके अलावा वह संस्कार भारती के महानगर अध्यक्ष भी थे। पिछले तीन दशक से भी ज्यादा समय से वे फोटो पत्रकारिता से जुड़े थे। उन्होंने कई प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया।
उन्हें एक प्रतिभाशाली फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर जाना जाता था। गोरखपुर प्रेस क्लब के गठन के समय भी वह काफी सक्रिय रहे। प्रेस क्लब की पहली स्मारिका का आवरण चित्र उन्होंने ही डिजाइन किया था। वह अकसर युवा फोटोग्राफरों को फोटोग्राफी की बारीकियों से परिचित कराते नजर आते थे। उन्होंने फोटोग्रॉफी के क्षेत्र में पीएचडी की थी। उनके निधन से कला, साहित्य और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।
Ranjana Pandey



