झारखंड में साइबर ठगों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है. साइबर अपराधियों ने शनिवार को ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को दो अलग-अलग नंबर से एसएमएस भेज कर चेतावनी दी है कि बिजली कनेक्शन शनिवार रात साढ़े नौ बजे तक काट दिया जायेगा. इसलिए उक्त नंबर पर संपर्क करें. मामले में प्रधान सचिव ने रांची के एसएसपी को मैसेज फॉरवर्ड कर इसकी जांच कराने का निर्देश दिया है. मामला साइबर सेल को दे दिया गया है.ज्ञात हो कि इसके पूर्व भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को ऐसे मैसेज भेजे गये हैं. इसकी शिकायत झारखंड बिजली वितरण निगम से भी की गयी थी. वहां से इसकी सूचना साइबर सेल को दी गयी थी.पूर्व में बड़े पैमाने पर बिजली उपभोक्ताओं ने भी इसकी शिकायत की है कि उनके साथ ऑनलाइन फर्जीवाड़ा हुआ है. इसके बाद जेबीवीएनएल ने विज्ञापन जारी कर उपभोक्ताओं को सतर्क किया कि ऐसे मैसेज के झांसे में नहीं आयें. बिजली वितरण निगम ने बिल भुगतान के लिए ऑनलाइन ऐप और एटीपी मशीन स्थापित किया है.



