झारखण्ड : खूंटी–तोरपा–कोलेबिरा पथ पर पेलौल गांव के समीप बनई नदी पर प्रस्तावित नए उच्च स्तरीय पुल के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार ने इस पुल के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह पुल लगभग 7 करोड़ 36 लाख 3 हजार 900 रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा। बता दें कि करीब छह माह पूर्व 19 जून को हुई मूसलधार बारिश के कारण बनई नदी पर स्थित पुराना पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था। पुल के ध्वस्त होने से यह महत्वपूर्ण मार्ग बाधित हो गया, जिससे आवागमन पर गंभीर असर पड़ा। रांची को खूंटी, सिमडेगा और राउरकेला जैसे क्षेत्रों से जोड़ने वाले इस रास्ते से प्रतिदिन गुजरने वाले वाहनों, आम नागरिकों तथा विशेष रूप से स्कूली बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।




