झारखंड सीएम ने पहलवानों से मेडल गंगा में न बहाने का किया आग्रह, कहा “आप अकेले नहीं हैं, पूरा देश आपके साथ है”

0

WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने कहा ”इन मेडलों को हम गंगा में बहाने जा रहे हैं। आज शाम 6 बजे हम हरिद्वार में अपने मेडल गंगा में प्रवाहित कर देंगे…हम इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। ”जिसके बाद पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर WFI प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध के निशान के रूप में गंगा नदी में अपने पदक विसर्जित करने के लिए एकत्र हुए। नरेश टिकैत हरिद्वार पहुंचे, उन्होंने पहलवानों से मेडल लिए और पांच दिन का समय मांगा। इसी बीच झारखंड सीएम ने पहलवानों से मेडल गंगा में न बहाने का आग्रह किया। हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया “अपनी कड़ी मेहनत, निष्ठा, संघर्ष और लगन से आपने ये मेडल्स जीते हैं। आपका खून-पसीना, आपकी आत्मा बसती है इन मेडल्स में। आप अकेले नहीं हैं। पूरा देश आपके साथ है। आप सभी से विनम्र आग्रह है इन मेडल्स को गंगा में न बहाए।पूरे देश को पता चल गया है अहंकार और तानाशाही से यह देश नहीं चल सकता।”

मालूम हो कि युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने पहलवानों के विरोध पर कड़ा बयान जारी कर पहलवानों के हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की। UWW ने अपने बयान में यह भी कहा कि अगर 45 दिनों के भीतर WFI के चुनाव नहीं होते हैं तो भारत को निलंबित कर दिया जाएगा। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने अब तक की जांच के परिणामों की कमी पर अपनी निराशा व्यक्त की और अधिकारियों से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोपों की गहन और निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here