इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। यह मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स का अब तक का सफर शानदार रहा है क्योंकि टीम ने दो मैच खेले हैं और दोनों में ही जीत दर्ज की है। इसकी वजह से टीम प्वॉइंट टेबल में सबसे ऊपर विराजमान है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी पहली जीत की तलाश है। हैदराबाद ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अंकतालिका में एसआरएच की टीम सबसे नीचे है। निश्चित तौर पर यह कप्तान डेविड वार्नर के लिए चिंता का विषय है। इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अभी तक निराशाजनक रही है। हैदराबाद ने अब तक खेले दोनों मैच गंवाए हैं। डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो की सलामी जोड़ी टीम को मजबूत शुरुआत नहीं दे पा रही है। हालांकि, मध्यक्रम में मनीष पांडे मजबूत नजर आ रहे हैं, लेकिन उनका साथ देने वाला कोई नहीं। पूर्व कप्तान केन विलियमसन अगर पूरी तरह फिट हैं तो इस मैच में आजमाए जा सकते हैं। मोहम्मद नबी और राशिद खान के रूप में दो विश्व स्तरीय ऑलराउंडर्स टीम में मौजूद हैं, लेकिन तेज गेंदबाजी बेहद कमजोर है। ranjana pandey



