राँची. आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि संकल्पबद्ध होकर हर साधारण लोग से जुड़ें और जनसवाल पर आवाज बनें. सत्ता और सिस्टम तक आम आदमी की आवाज पहुंचाकर ही राजनीति की लीक बदली जा सकती है. आजसू के कार्यकर्ताओं में यह दमखम है कि वे लीक बदल सकते हैं.
उक्त बातें उन्होंने गीतांजलि सभागार में आयोजित पार्टी के राँची जिला सम्मेलन में कही.
पार्टी प्रमुख ने कहा कि झारखण्ड एवं झारखण्डियों का विश्वास जीतने के लिए हमें राजनीति की लीक बदलनी होगी. नयी सोच, नयी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना होगा. समान विचार वालों को साथ लाना होगा. हर गली, हर मोहल्ले, हर वार्ड, हर ब्लॉक में आजसू पार्टी की विचारधारा को पहुँचाना होगा.
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी ने 2021 को निर्माण वर्ष घोषित किया है और पार्टी की आधारभूत संरचना के पुनर्गठन, विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है. नए साल में नई संभावनाओं के साथ आजसू पार्टी जनपक्षधर बनकर हुकूमत को सही रास्ते पर चलने को बाध्य करेगी. रोजी रोजगार, नौकरी, परीक्षा, वेकैंसी, पंचायत चुनाव, पिछड़ा आरक्षण जैसे कई अहम सवाल हमारे सामने हैं, जिन पर शिद्दत से आवाज उठाने की जरूरत है. आजसू पार्टी लगातार इन मुद्दों पर मुखर भी रही है.
केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2 साल में हेमंत सोरेन सरकार ने जनादेश के साथ विश्वासघात किया है. विश्वासघात की पीड़ा से राज्य का हर तबका गुजर रहा है. सबसे ज्यादा युवा, छात्र और बेरोजगार आहत हैं. उन्होंने कहा कि जेपीसी पीटी के रिजल्ट में जो सवाल उठ रहे हैं वह बेहद चिंताजनक हैं और आयोग को संदेह के घेरे में खड़ा करता है. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं. आजसू पार्टी भी उन अभ्यर्थियों के सवालों का समर्थन करती है.
उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर को हेमंत सोरेन सरकार के 2 साल पूरे हो रहे हैं. 2 साल में सरकार ने क्या काम किए हैं और किस कदर वादे तोड़े हैं, आजसू पार्टी जनता को इस बारे में बताएगी. इसके लिए पंचायत, प्रखंड, जिलों में पार्टी के कार्यकर्ता तथ्य और आंकड़े के साथ सरकार की रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे. सत्तारूढ़ दलों के घोषणा पत्र और सरकार के बजट को सामने रखकर विश्लेषण और सही आलोचना करने का वक्त आ गया है.
राँची समेत छह जिलों में हुआ सम्मेलन का आयोजन
आज राँची के साथ सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, गढ़वा, पाकुड़, साहेबगंज में भी जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया.
राँची जिला सम्मेलन में मुख्य रुप से बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, केंद्रीय मुख्य प्रशिक्षक डॉ. संजय बसु मल्लिक, उपाध्यक्ष हसन अंसारी, महासचिव राजेंद्र मेहता, राँची जिलाध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय कार्यालय सचिव बनमाली मंडल,नईम अंसारी, अरविंद सिंह एवं हरीश कुमार, केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव सुनील सिंह एवं संजय महतो, राँची महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिंहा, राँची महानगर महिला अध्यक्ष सीमा सिंह, हटिया विधानसभा प्रभारी भरत काशी साहू, खिजरी विधानसभा प्रभारी रामधन बेदिया, कांके विधानसभा प्रभारी रामजीत गौंझु, मांडर विधानसभा प्रभारी हेमलता उरांव, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी, बैद्यनाथ महतो, राजेंद्र शाही मुंडा, बबीता देवी, पार्वती देवी, फूलकुमारी देवी, वीणा देवी, सरिता देवी, सुमन मुंडरी, अनिता गाड़ी, रीता रजनी टोप्पो, हकीम अंसारी, लाडले खान, गौतम साहू, रोशन मुंडा, सुकरा मुंडा सहित राँची जिला के सभी प्रखण्ड समितियों के पदाधिकारी, पूर्व के सभी सक्रिय पदाधिकारीधारी, सभी पंचायतों के पदाधिकारी, आजसू पार्टी अनुषंगी इकाई के सभी पदाधिकारी, आजसू पार्टी के जिला परिषद सदस्य, मुखिया, सरपंच सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे.



