रांची स्थित सदर अस्पताल में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय अभियान “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार, सीएम हेमंत सोरेन, स्वास्थ मंत्री इरफ़ान अंसारी, सांसद संजय सेठ उपस्थित रहे। राज्यपाल ने बताया यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। यह पहल केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवार एवं समाज की सुदृढ़ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा ”स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव होती है। उनके बेहतर स्वास्थ्य को लेकर हर कोई सजग रहता है। राज्य में महिलाओं में अनीमिया, कुपोषण तथा अन्य बीमारियों से लड़ने के लिए कई मुहिम को चलाया जा रहा है। राज्य भर में लोगों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।आज विश्व भर में प्रत्येक क्षेत्र – शिक्षा, खेल, अंतरिक्ष, आदि में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। राज्य में भी आधी आबादी के सशक्तिकरण को लेकर कई योजनाओं को चलाया जा रहा है।”




