हजारीबाग: गुरुवार-शुक्रवार की रात हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड के अंगों पंचायत क्षेत्र में पांच हाथियों का झुंड गोंडवार बस्ती में घुस आया। दहशत में लोग घरों से बाहर निकलकर भागने लगे, इसी दौरान हाथियों ने ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ाकर कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी कुछ लोगों को सूंड से उठाकर पटक रहे थे और कुछ को पैरों तले रौंद रहे थे।इस हमले में दो बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। हाथियों ने कई कच्चे मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने सुरक्षा की स्थायी व्यवस्था की मांग करते हुए आक्रोश जताया और शव उठाने से भी इनकार कर दिया। प्रशासन ने मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
घटती संख्या और कारण
Project Elephant और Wildlife Institute of India की रिपोर्ट के अनुसार, 2017 में झारखंड में 678 हाथी थे, जो 2025 में घटकर औसतन 217 रह गए हैं।जंगलों की कटाई, हाथी कॉरिडोर का नष्ट होना और भोजन-पानी की कमी को संघर्ष का मुख्य कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्राकृतिक आवास में मानवीय दखल बढ़ने से हाथी गांवों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे ऐसी दुखद घटनाएं सामने आ रही हैं।




