रांची : झारखण्ड के पूर्व सीएम और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास के बेटे ललित कुमार पर अधिकारी बैकुंठनाथ प्रधान के साथ मारपीट के साथ मारपीट का आरोप लगा है। आरोप में कहा गया है कि 7 जुलाई 2024 की देर रात ओडिशा सचिवालय सेवा में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी बैकुंठनाथ प्रधान के साथ ललित ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। कथित तौर पर ललित ने अधिकारी से जूते चाटने को भी कहा। दर्ज कराई लिखित शिकायत में कहा है कि पुरी रेलवे स्टेशन से राज्यपाल के बेटे को पिक करने के लिए लग्जरी गाड़ी नहीं भेजने के कारण ललित ने ड्यूटी के दौरान उनके साथ मारपीट की।ओडिशा सचिवालय सेवा संघ की तरफ से इस मामले को लेकर बैठक की गई है। ये मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच चुका है।ओडिशा के राजभवन में कार्यरत बैकुंठ प्रधान की पत्नी सयोज ने राज्यपाल के बेटे और अन्य लोगों पर अपने पति की पिटाई करने का आरोप लगाया है।उसने कहा, “…7 जून की रात राज्यपाल के बेटे ने मेरे पति को अपने कमरे में बुलाया और उन्हें बुरी तरह पीटा। वह खुद को बचाने के लिए बाहर आए, लेकिन दो लोगों ने उन्हें घसीटकर पीटा। वह बुरी तरह घायल हैं। उन्हें इसलिए पीटा गया क्योंकि उन्हें (राज्यपाल के बेटे को) स्टेशन से लेने के लिए एक लग्जरी कार चाहिए थी, लेकिन उस दौरान राष्ट्रपति के दौरे के कारण कई गाड़ियां ड्यूटी पर थीं। मेरे पति ने एक मारुति सुजुकी कार भेजी, जो उपलब्ध थी, इसलिए उन्होंने मेरे पति को पीटा कि उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट क्यों नहीं मिला। वह अभी भी घायल हैं। मेरे पति राज्यपाल से भी मिले, लेकिन उन्होंने अच्छा जवाब नहीं दिया। हमने पुरी बीच पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। हम चाहते हैं कि आरोपियों को सजा मिले और हमें न्याय मिले…”




