झारखंड के गिरिडीह जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा पर निकाली जा रही शोभा यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई।दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी तथा लाठी-डंडे चले।20 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।पुलिस ने बताया कि झड़प में घायल लोगों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है।बताया जा रहा है कि, विवाद की शुरुआत मंगलवार शाम तुलसी विवाह के दौरान बारात भ्रमण से हुई थी। बुधवार सुबह जब शोभा यात्रा काली मंदिर के समीप पहुंची, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में बहस हुई और कुछ लोगों द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात को लेकर विवाद और भड़क गया।मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और एसडीपीओ जितवाहन उरांव पहुंचे, स्थिति को शांत कराया।




