रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। हटाए गए दोनों पुलिस अधिकारियों (जो आपस में पति-पत्नी हैं) को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। यह सख्त कदम जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हुई वीभत्स हत्या के बाद उपजे जन आक्रोश के बाद उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय मैंने लिया है।मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा है कि, चाईबासा के आयुक्त एवं रांची के ADG को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, DIG जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।




