डुमरी विधानसभा उपचुनाव: सभी माताओं-बहनों से सीएम का आग्रह ”आप उस लिफाफे से बच कर रहिएगा”

0

डुमरी विधानसभा उपचुनाव के अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन आज जनता के बीच आए और सभी से आग्रह है किया कि 5 सितंबर को 1 नम्बर पर बटन दबाकर बेबी देवी जी को विजयी बनाएं।सीएम ने कहा आज यहाँ डुमरी विधानसभा उपचुनाव सभा में देख रहा हूँ कि यह जनसैलाब देखकर विपक्ष का प्रचार गाड़ी भी यहीं इधर से उधर घूम रहा है। लोगों को दिग्भ्रमित करने और कोई काम नहीं करने के लिए ही विपक्ष के लोग जाने जाते हैं। मैं तो इन्हें भी आमंत्रित करता हूँ कि यह भी अपनी गाड़ी किनारे लगा लें और ध्यान से हमारी बातें सुनें। मैंने मीडिया में पढ़ा कि उपचुनाव में छापेमारी के दौरान लाखों रुपया पकड़ा गया और यह भी बताया जा रहा है कि वो पैसा विपक्षियों का था। लिफाफे में पैसा भरकर चूल्हा प्रमुखों को शायद पैसा देने के लिए यह तैयारी कर रहे हैं।कोई बात नहीं, वैसे भी पूँजीपतियों और पैसे वाले इन विपक्ष के लोगों से लड़ने का हमारा पुराना इतिहास रहा है।

उन्होंने कहा चूल्हा प्रमुख के नाम पर विशेष रूप से महिलाओं को टार्गेट करने में यह लोग लगे हुए हैं। लिफाफे में पैसा देकर वोट खरीदने का प्रयास कर रहे हैं।मैं सभी माताओं-बहनों से आग्रह करता हूँ कि आप उस लिफाफे से बच कर रहिएगा। आपको पता है, आप घर-द्वार चलाते हैं, आज महंगाई कितना ज्यादा बढ़ गया है। आज गैस सिलिंडर जैसी हर एक चीज का दाम आसमान छू रहा है। कल वो दिन न देखना पड़े कि यह लोग हाथ में कटोरा लेकर जनता को सड़क पर बैठने को मजबूर कर दें।इसी लड़ाई को लेकर हमने इंडिया गठबंधन बनाया है। 2024 में भाजपा-आजसू को राज्य और दिल्ली-दोनों से खदेड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा भाजपा-आजसू वाले येन-केन-प्रकारेण राजनीतिक ताकत नहीं जुटा पाते हैं तो षड्यंत्र कर सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग करते हैं। यह भारत देश और झारखण्ड प्रदेश, वीरों की धरती है। इन षड्यंत्रकारियों को जड़ समेत उखाड़ फेंकने का हम काम करेंगे। लोगों को जाति-धर्म पर बाँटने का काम करते हैं विपक्ष के लोग। यह कौन सा मुद्दा है? इससे क्या नौकरी मिलती है? इससे क्या पेट भरता है? इससे महंगाई घटती है क्या? विचित्र वातावरण कर दिया है इन लोगों ने देश में। वह तो आप लोगों का आशीर्वाद है कि 2019 में डबल इंजन की सरकार को उखाड़ फेंक झारखण्डियों की सरकार बनाने का हम लोगों ने काम किया। 2019 से पहले देखिए यहाँ कितना मॉब लिंचिंग होता था। आज जिस अमन-चैन के साथ हम लोग जी रहे हैं इसी से विपक्ष को दिक्कत हैं।

उन्होंने कहा आदरणीय दिशोम गुरुजी के नेतृत्व और अनगिनत लोगों की शहादत और संघर्ष की सीख झामुमो के सिपाहियों की रगों में है। हम मान-सम्मान और स्वाभिमान से लड़ने वाले लोग हैं।जबकि विपक्ष पैसे के बदौलत चुनाव लड़ता है और चुनाव में लोगों को दिग्भ्रमित करता है। पैसे से खरीदे हुए वोट को यह पूँजीपतियों को बेच देते हैं। यही कारण है कि आज देश की संपत्तियों को यह लोग पूँजीपतियों को बेचने में लगे हुए हैं। कहा जाता है कि घर का नालायक बेटा जो कुछ कमाता नहीं है, वह अपने घर-परिवार की पूँजी, गहना-जेवर सब बेच देता है। इसी तरह के यह विपक्ष के लोग हैं।आदरणीय श्रीमती बेबी देवी जी को मंत्री बनाकर लोकतंत्र के मंदिर में बैठाने का काम हम लोगों ने किया है। टाइगर जगरनाथ महतो जी को श्रद्धांजलि के रूप में यह छोटा सा हमारा प्रयास है।भाभी माँ बेबी देवी जी मजबूती से वहाँ बैठी रहें यह काम उन्हें विधायक बनाकर अब आपको करना है। यह अब आपकी जिम्मेदारी है। जगरनाथ महतो जी की आत्मा देखेगी कि डुमरी विधानसभा की जनता उन्हें कितना चाहती है।आप सभी से आग्रह है कि 5 सितंबर को 1 नम्बर पर बटन दबाकर आदरणीय बेबी देवी जी को विजयी बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here