रांची: सरहुल से पहले हेमंत सरकार ने आदिवासी समाज को बड़ा तोहफा दिया है। शहीदों को सम्मान देने की पहल में झारखंड सरकार ने रांची के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी का नाम बदल कर वीर शहीद बुधू भगत यूनिवर्सिटी करने का फैसला लिया है।यह मांग झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक विकास मुंडा ने गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से उठाई थी। गुरुवार को विधानसभा में उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने घोषणा करते हुए कहा कि यदि सरकार अपने शहीदों को सम्मान नहीं देगी, तो कौन देगा? उन्होंने यह भी सवाल किया कि बिहार और मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में कितने विश्वविद्यालय शहीदों के नाम पर हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर विश्वविद्यालय होने से राज्य के छात्रों को अपने इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। बता दें कि 2017 में भाजपा सरकार ने राज्य के सबसे पुराने रांची कॉलेज को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी के रूप में स्थापित किया था।




