धनबाद : पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) जोन के धनबाद-गोमोह रेल खंड के बीच झरखोर हाल्ट के पास आज सुबह बिजली का खंभा दबाते समय छह मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गयी.कुछ ही देर में घटना स्थल पर पहुंचे धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कमल किशोर सिन्हा ने बताया कि घटना में छह मजदूरों की मौत हो गयी और हादसे की जांच की जा रही है.बाघमारा की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) निशा मुर्मू भी मौके पर पहुंचीं और हादसे का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इसमें छह मजदूर शिकार बने।अधिकारी ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 35 मिनट पर हुई। मजदूर बिजली का खंभा लगा रहे थे, तभी वह 25000 वोल्ट के ओवरहेड रेलवे लाइन के तार पर गिर गया।चूंकि वे खंभे के संपर्क में थे, इसलिए उन्हें मौके पर ही जोरदार झटका लगा और वे नीचे गिर पड़े।आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि आठ मजदूर काम कर रहे थे, जिसमें छह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनमें से दो दहशत में मौके से भाग गए।घटना धनबाद जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर नीचितपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई।मृतक मजदूरों की पहचान गोविंद सिंह, श्याम देव सिंह (पलामू) सुरेश मिस्त्री श्याम देव (लातेहार) और संजय राय के रूप में हुई है.एक मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।सूचना मिलते ही धनबाद डीआरएम कमल किशोर सिन्हा सहित एडीआरएम आशीष कुमार झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अमरेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी भी बचाव कार्य के लिए तत्काल मौके पर पहुंच गए.सभी मजदूर एक छोटे ठेकेदार के कर्मचारी थे जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे हैं.घटना के बाद ग्रैंड कॉर्ड लाइन पर अप और डाउन ट्रेनों को धनबाद और गोमोह जंक्शन पर रोक दिया गया।



