धनबाद: झारखंड के सरकारी स्कूल शिक्षा, बुनियादी ढांचे और छात्रों के प्रदर्शन के मामले में लगातार बेहतर परिणाम दे रहे हैं। राज्य के CM School of Excellence सहित अन्य सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर नई मिसाल कायम कर रहे हैं।
धनबाद की रहने वाली पूनम कुमारी, जो एक दिहाड़ी मजदूर की बेटी हैं, ने NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। पूनम ने 582 अंक, 99.1375 परसेंटाइल तथा ऑल इंडिया रैंक (AIR) 16,972 प्राप्त की है।पूनम की इस उपलब्धि पर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि जिला प्रशासन पूनम की मेडिकल शिक्षा का पूरा खर्च वहन करेगा, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनकी पढ़ाई बाधित न हो।उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचे और योग्य शिक्षकों की उपलब्धता के कारण झारखंड का शिक्षा मॉडल आज देशभर में एक मिसाल बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्र लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पूनम कुमारी को बधाई देते हुए कहा, “बहुत-बहुत बधाई पूनम बिटिया…।”




