देवघर : जिले में सारवां प्रखण्ड के कुसमाहा पंचायत अन्तर्गत आदिम जनजाति गांव हरलाडीह में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, ताकि कार्यक्रमों के माध्यम से आमजनमानस से सीधा संवाद करते हुए कैसे उनके पंचायत को बेहतर और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य किया जा सके। इस दौरान डीसी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने पंचायत व समाज को बेहतर दिशा प्रदान करने में शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में आवश्यक है कि आप सभी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और ड्रॉप आउट बच्चों व उनके परिजनों को जागरूक करें। इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूह के दीदियों को 7.5 लाख का बैंक क्रेडिट प्रदान करने के अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा से स्वयं सहायता समूह की दीदियों को आच्छादित किया।आगे सावित्री फूले योजना एवं लक्ष्मी लाडली योजना से बच्चियों को लाभान्वित किया। साथ ही बिरसा आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, ऑन द स्पॉट जन्म प्रमाण पत्र, डाकिया योजना के तहत सभी सुयोग्य लाभुकों को 35 किलो चावल, मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, बच्चों के बीच किताब-कॉपी का वितरण एवं आने वाले ठंड को देखते हुए कम्बल का वितरण सुयोग्य लाभुकों के बीच किया गया। वहीं बिरसा आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया। इसके अलावे विशेष शिविर के तहत विभागों यथा-कल्याण विभाग, जेएसएलपीएस, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, आपूर्ति, निर्वाचन, समाज कल्याण विभाग, सामाजिक सुरक्षा आदि द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से ऑन द स्पॉट लाभुकों को लाभान्वित किया।



