शनिवार को जिले के देवघर प्रखंड अंतर्गत मानीकपुर पंचायत में आपकी-योजना आपकी-सरकार आपके-द्वार कार्यक्रम में डीसी शामिल हुए। आगे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास योजना की जानकारी से सभी को अवगत कराते हुए डीसी ने कहा कि पंचायतों में लगने वाले प्रत्येक शिविर में अलग से काउंटर बनाए गए है। इस योजना का लाभ केवल आवास विहीन परिवारों (जिनके पास एक भी पक्का मकान नहीं है) को दिया जाएगा। साथ ही योजना के तहत तीन कमरों का पक्का मकान और रसोई घर का निर्माण होगा, जिसके लिए प्रति आवास 02 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावे बच्चियों के सशक्तीकरण और उनको पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना शुरू की है, ताकि बच्चियों को किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई करने में तकलीफ न हो। इस योजना के तहत झारखंड सरकार 8वीं से 12वीं कक्षा तक में पढ़ने वाली लड़कियों को कुल 20000 रुपये की राशि प्रदान कर रही है। साथ ही पूर्व में इस योजना के तहत एक परिवार की केवल दो बालिकाओं को ही योजना का लाभ मिलता था, मगर राज्य सरकार के निर्देशानुसार अब सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दो से अधिक बच्चियों को भी दिया जायेगा।इसके अलावा राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि इस योजना के तहत पढ़ने वाले 10 वीं और 12 वीं कक्षा के बच्चों को 15 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा शहरी क्षेत्र से नजदीक होने के कारण मानिकपुर पंचायत के युवाओं हेतु मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना युवाओं को आत्मनिर्भर व सहयोग करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से 25 लाख रुपये तक के लोन-ऋण का प्रावधान किया गया है। साथ ही ऑर्गेनिक खेती पर जोर देने के अलावा मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत कई तरह के रोजगार के अवसर सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा आपकी-योजना आपकी-सरकार आपके-द्वार कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चियों के बीच साईकिल वितरण, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, सोना सोबरन धोती साड़ी योजना 352 लाभुकों के बीच वितरित किया गया, कंबल वितरण, बैग व किताब-कॉपी, आयुष्मान कार्ड, जेएसएलपीएस की दीदियों के समूहों को बैंक लिंकेज का वितरण किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर आमजनों के बीच फलदार पौधे का वितरण उपायुक्त द्वारा किया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हम सभी सजग बनते हुए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए।



