दीपक चाहर ने आज ही के दिन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेकर रचा था इतिहास

0

T 20दिल्‍ली। भारतीय युवा तेज गेंदबाज दीपक चाहर के लिए आज का दिन काफी यादगार है। दीपक ने आज ही के दिन 10 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 मुकाबले में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया था।

भारत और बांग्‍लादेश के बीच नागपुर में खेले गए तीसरे व निर्णायक टी20 मैच में भारतीय टीम ने बांग्‍लादेश के सामने 175 रन का लक्ष्‍य रखा था। जवाब में दीपक चाहर की घातक गेंदबाजी की बदौलत बांग्‍लादेश की टीम 19.2 ओवर में 144 रन पर ऑलआउट हो गई और 30 रन से मुकाबला गंवा बैठी। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस मैच में दीपक चाहर का बोलबाला रहा।

उन्‍होंने इस मुकाबले में हैट्रिक ली और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। इसके अलावा दीपक ने 3.2 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। इसी के साथ दीपक चाहर के नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उन्‍होंने सबसे कम रन देकर 6 विकेट झटके।इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के अजंता मेंडिस के नाम दर्ज था, जिन्‍होंने जिंबाब्‍वे के खिलाफ 4 ओवर में 8 रन देकर 6 विकेट झटके थे। दीपक ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शफीउल इस्‍लाम को अपना शिकार बनाया। इसके बाद पारी का आखिरी ओवर करने आए चाहर ने पहली दो गेंदों पर मुस्‍ताफिजुर रहमान और अमीनुल इस्‍लाम को आउट करके अपनी हैट्रिक पूरी कर ली।

दीपक चाहर ने 3.2 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट झटके थे। इसके अलावा शिवम दुबे ने तीन जबकि युजवेंद्र चहल को एक सफलता मिली थी। दीपक चाहर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्‍मानित किया गया। Ranjana