रांची। आगामी दुर्गा पूजा 2026 को लेकर रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। इस दौरान पूजा की तैयारियों और शहर में आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक में समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग रखी। समिति के सदस्यों का कहना था कि पूजा के दौरान इन बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सहूलियत मिलेगी तथा पूजा उत्सव का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा।
समिति की मांगों को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का भरोसा प्रतिनिधिमंडल को दिया। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न नागरिक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) रांची धन्यजय, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के आजीवन सदस्य डॉ. अजीत सहाय, अध्यक्ष रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, मो. इस्लाम, राजन वर्मा, संजय सिन्हा, उज्जवल दुबे, अमरनाथ साहू, राजू और मयंक गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




