कोलकाता/ रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर, न्यू टाउन, कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आज से शुरू हो रहे दो दिवसीय बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट-2025 के आठवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में आयोजित इस समिट में देश – विदेश से आए गणमान्यों की उपस्थिति में डेलीगेट्स , उद्यमियों एवं निवेशकों को संबोधित किया।सीएम सोरेन ने कहा बंगाल की माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्रीमती ममता बनर्जी दीदी को धन्यवाद देता हूँ, जोहार करता हूँ। मुझे लगता है यह देश में एक नई शुरुआत है जहाँ देश के अंदर एक राज्य दूसरे राज्यों के साथ मिलकर देश की नींव को मजबूत रखने के लिए आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर आदरणीय ममता दीदी को अनेक-अनेक बधाई देता हूँ।आज मुझे बंगाल ग्लोबल बिजनेस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला है। और निश्चित रूप से मुझे बहुत सारी चीजें यहां समझने को मिलेगी तथा जितने मेहमान यहां देश-विदेश से आये हैं उन सभी के साथ भी मुलाकात करने का मौका मिलेगाl बंगाल और झारखण्ड का साझा इतिहास, विरासत और परंपरा रही है। दोनों राज्यों में बहुत सारी समानता ऐसी है कि समझ पाना कठिन हो जाता है कि झारखण्ड और बंगाल में फर्क क्या है। झारखण्ड में एमएसएमई, टूरिज्म, माइनिंग, सोलर, टेक्सटाइल आदि क्षेत्रों में बहुत संभावनाएं हैं। आने वाले दिनों में पूर्वी भारत में आर्थिक विकास को गति देने के लिए आदरणीय ममता दीदी के साथ झारखण्ड आगे बढ़ने का सार्थक प्रयास करेगा।आप सभी का झारखण्ड में हार्दिक स्वागत है, जोहार।




