धनबाद में झामुमो के 53वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में सीएम सोरेन आज शामिल हुए। झामुमो परिवार के सभी सिपाहियों और उपस्थित लोगों को बधाई दी। सीएम सोरेन ने मौके पर कहा “हर वर्ष झामुमो का स्थापना दिवस मनाया जाता है और परंपरा तथा संस्कृति के साथ हमारा झामुमो परिवार आगे बढ़ता है। वही कारण है दुमका में स्थापना दिवस कार्यक्रम के पश्चात आज धनबाद में झामुमो का 53वां स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाया जा रहा है। महान क्रांतिकारियों के संघर्ष के बाद में हमें झारखण्ड अलग राज्य मिला मगर आज विपक्ष में बैठे लोगों ने वर्षों तक राज्य को दोनों हाथों से लूटने का काम किया। 2019 में आप सभी के आशीर्वाद से इन्हें सत्ता से बेदखल किया गया। 2024 में और प्रचंड जीत के साथ आपने झारखण्ड विरोधियों को हराने का काम किया। सीएम सोरेन ने कहा’हम सभी वर्गों को हक़-अधिकार देने का काम करे रहे हैं। राज्य की 50 लाख से अधिक मंईयां को सशक्त करने के लिए सम्मान राशि दी जा रही है। हमें अधिकार मांगने से नहीं मिलता है, उसे छीनना पड़ता है। केंद्र सरकार को झारखण्ड का बकाया 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपए देना होगा, नहीं तो कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी और अगर जरूरत पड़ी तो खदान भी बंद कर दिया जाएगा। झारखण्ड के साथ सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झारखण्ड में बीडीओ/सीओ ऑफिस दलालों का जमावड़ा हो गया है, और विशेषकर जमीन दलालों का। इन सब में लिप्त बीडीओ/सीओ कार्यालय से जुड़े लोगों के खिलाफ मुहिम चलाया जाएगा और उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”




