छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शीर्ष नक्सली नेता नंबाला केशव राव उर्फ बसवराज सहित 30 नक्सली मारे गए हैं। बसवराज पर एक करोड़ रुपये का इनाम था।गौरतलब है कि बसवराज प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का महासचिव भी था। सूत्रों ने बताया कि शीर्ष नक्सली नेता, जो 1970 के दशक से नक्सली आंदोलन का हिस्सा रहा है और जिसकी तलाश देशभर में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही थी, को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) बलों ने मार गिराया।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे पहले नारायणपुर जिले के जंगली अबूझमाड़ क्षेत्र में एक बड़ा नक्सल विरोधी अभियान चल रहा था, जहां नक्सलियों और डीआरजी जवानों के बीच मुठभेड़ हुई।बुधवार सुबह जंगली अबूझमाड़ क्षेत्र में शुरू हुए इस अभियान में नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के डीआरजी जवान शामिल थे। कथित तौर पर सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में शीर्ष नक्सल नेताओं को घेर लिया।




