झारखंड सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने बजट को पूरी तरह निराशाजनक और दिशाहीन करार देते हुए कहा कि यह आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में न तो राजस्व सृजन की स्पष्ट रणनीति दिखाई देती है और न ही राज्य के समग्र विकास की कोई ठोस दिशा। बाउरी ने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए कोई विशेष योजना नहीं लाई गई है और युवा सशक्तिकरण को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिखती।
भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने एक्स पर लिखा” झारखंड सरकार का बजट-पूरी तरह निराशाजनक और दिशाहीन!राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेरने वाला है। यह बजट वित्तीय प्रबंधन की विफलता का दस्तावेज़ प्रतीत होता है। सरकार न तो राजस्व सृजन की स्पष्ट रणनीति दे पाई, न ही विकास की ठोस दिशा दिखा सकी। बेरोजगार युवाओं के लिए कुछ नहीं, युवा सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस योजना नहीं, छात्रों के लिए न नई छात्रवृत्ति, न अवसर, अनुबंधकर्मियों के भविष्य पर पूर्ण चुप्पी, किसानों के लिए कोई राहत या विशेष प्रावधान नहीं, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर ठोस पहल का अभाव, वृद्ध एवं दिव्यांगजन की पेंशन में कोई वृद्धि नहीं यह बजट राज्य के भविष्य के साथ अन्याय है। जनता इसका जवाब अवश्य देगी।”




