आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने समस्तीपुर के हसनपुर विधानसभा सीट से नामांकन करने के लिए पार्टी का सिंबल प्राप्त कर लिया है।
वहीं सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार हसनपुरा से तेजप्रताप 13 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसी बीच आरजेडी के एक नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि तेजस्वी यादव भी 14 अक्टूबर को राघोपुर से नामांकन कर सकते हैं। महुआ विधानसभा के निवर्तमान विधायक तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व विधानसभा क्षेत्र को छोड़ने का मन कुछ दिन पहले ही बना लिया था। बिहार विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट होते ही तेज प्रताप यादव महुआ छोड़ हसनपुर में रोड शो कर बता दिया था कि अगला चुनाव हम हसनपुर से ही लड़ेंगे।
बता दें कि तेज प्रताप यादव पहली बार 2015 में महुआ से विधायक निर्वाचित हुए थे। 2015 में राजद का नीतीश कुमार के पार्टी जदयू के साथ गठबंधन था। लेकिन इस बार समीकरण बदलते ही तेज प्रताप ने अपने को महुआ से हटाकर हसनपुर में सेट कर लिया। राजद ने अपने सिटिंग उम्मीदवारों में कुछ बदलाव किया है, लेकिन कांग्रेस ने अपने सभी सिटिंग विधायकों को फिर से मैदान में उतार दिया है। दूसरे चरण में जिन 94 सीटों के लिए चुनाव होना है उसमें 14 सीटें वाम दलों को चली गई हैं। इनमें राजद और कांग्रेस की कुछ सिटिंग सीटें भी हैं। शेष सीटों में लगभग 60 सीटों पर राजद लड़ना चाहता है और 20 कांगेस को देना चाहता है। लेकिन, कांग्रेस इस चरण में लगभग 25 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची बना रही है। कांग्रेस और राजद के बीच सीट के साथ उम्मीदवार पर चर्चा हो रही है। दोनों ही दल हर हाल में चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चाहते हैं। लेकिन, कुछ सीटें ऐसी भी हैं, जहां दोनों अपने उम्मीदवार को जिताऊ बता रहे हैं। उधर, कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक रविवार को हुई। चुनाव समिति की मुहर लगने के बाद सूची अब 14 अक्टूबर को जारी की जा सकती है। ऐसे पहले चरण की सूची अगर तय रणनीति के तहत जारी की गई हो तो लगता है नामांकन का समय खत्म होने के बाद ही कांगेस इस चरण की भी अधिकृत सूची जारी करेगी। पार्टी में चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस उम्मीदवारों को सिम्बल अंतिम दिन देती है नामांकन खत्म होने के बाद सूची सार्वजनिक करती है।
Ranjana pandey



