बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी जिलों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को पटना में एक कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया और इस मौके पर खुद पटना डीएम कुमार रवि साइकिल चलाते नजर आएं।
डीएम कुमार रवि ने कहा कि पटना में 28 अक्टूबर और 3 नवंबर को मतदान होना है, ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी भागीदारी निभाएं। बता दें कि इससे पहले रंगोली कार्यक्रम और मेहंदी प्रतियोगिता के जरिए लोगों में जागरूकता फैलाई गई थी। अब साइकिल रैली का आयोजन कर मतदाता को एक वोट की कीमत बताई जा रही है।
कोविड -19 के दौरान पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 22 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले रविवार को दो मतदान केंद्रों पर मॉक ड्रिल किया गया। दोनों केंद्रों पर कोरोना काल में किए जा रहे उपाय की व्यवस्था देखी गई। इसी तरह अन्य मतदान केंद्रों पर भी व्यवस्था रहेगी।
पटना शिक्षक और स्नातक क्षेत्र में पटना, नालंदा और नवादा जिले आते हैं। पटना जिले में 103 मतदान केंद्र हैं। रविवार को जिलाधिकारी कुमार रवि ने मिलर स्कूल (शहीद देवीपद चौधरी स्मारक) एवं केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग के मतदान केंद्र पर मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त दिशा-निर्देश के आलोक में मतदान केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग कराने, सेनेटाइजर का प्रयोग करने, मास्क का प्रयोग करने, सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने की व्यवस्था देखी।
जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों केंद्रों पर मतदान के लिए बनाए गए गोले, प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग एवं सेनेटाइजर का प्रयोग, जगह-जगह पर आकर्षक साइनेज तथा संकेतक लगाने की व्यवस्था की गई है। मिलर स्कूल मतदान केंद्र परिसर में मतदाताओं के बीच सामाजिक दूरी कायम रखने के लिए गोला का निर्माण किया गया है। ranjana pandey



