बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और आखिरी फेज में शनिवार को 78 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दोपहर 1 बजे तक 22.74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था. कई जगह ईवीएम खराब होने की वजह से देरी से मतदान शुरू होने की खबर है. इसी दौर में वाल्मिकीनगर लोकसभा सीट पर भी मतदान कराया जा रहा है. कोरोना महामारी को देखते हुए चुनाव आयोग ने इस बार वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ा दिया है. तीसरे दौर में जिन 78 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 74 सीटों पर वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी. बाकी की 4 सीटों पर मतदान सुबह 7 से 4 बजे तक ही होगा. पहले चरण के मतदान में 55.68 फीसदी और दूसरे दौर में 55.70 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था. तीसरे दौर की लड़ाई
तीसरे फेज में 1,204 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें 1,094 पुरुष और 910 महिलाएं हैं. इन 78 सीटों पर 2.35 करोड़ वोटर हैं. इनमें से 1.23 करोड़ पुरुष, 1.12 करोड़ महिला और 894 ट्रांसजेंडर वोटर हैं.
इस फेज में जेडीयू के अध्यक्ष रहे शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव और सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह की सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं. सुभाषिनी यादव कांग्रेस के टिकट पर बिहारीगंज सीट से लड़ रही हैं. नीरज कुमार सिंह छातापुर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार हैं.सुपौल के 126 और 128 नंबर बूथ पर EVM खराब हो गई. वहीं, सीतामढ़ी के 271 नंबर बूथ पर भी EVM खराब होने की खबर आई. औराई विधानसभा की बूथ संख्या 63A पर EVM खराब होने के कारण सुबह 9 बजे तक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई.
सहरसा से आरजेडी उम्मीदवार और पूर्व सांसद लवली आनंद ने बूथ नंबर 209 पर मतदान किया. उन्होंने कहा, “शासन और प्रशासन मतदान को डिस्टर्ब कर रहे हैं. जहां 7बजे से मतदान होना था वहां 9 बजे शुरू किया गया. मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है. हम चुनाव आयोग को फैक्स करेंगे.”
शरद यादव की बेटी और बिहारीगंज से कांग्रेस उम्मीदवार सुभाषिनी यादव ने मधेपुरा में वोट डाला. बांकीपुर और बिस्फी से चुनाव लड़ रहीं प्यूरल्स पार्टी की चीफ पुष्पम प्रिया चौधरी ने दरभंगा में वोट डाला.
सुपौल जिले की निर्मली विधानसभा के 246 नंबर बूथ पर सदानंद राय नाम के मतदान कर्मी की मौत हो गई. मुजफ्फरपुर के औराई विधानसभा के बूथ-190 पर पोलिंग ऑफिसर केदार राय की हार्टअटैक से मौत हो गई. केदार सिंचाई विभाग में थे. डीएम ने 15 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है.
इस दौर में सबसे ज्यादा 31 उम्मीदवार गायघाट सीट पर हैं. सबसे कम 9 उम्मीदवार ढाका, त्रिवेणीगंज, जोकिहाट और बहादुरगंज में हैं. सबसे ज्यादा 44 सीटों पर राजद और 35 पर लोजपा लड़ रही हैं. बीजेपी और जेडीयू 29-29, कांग्रेस ने 21 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं.
तीसरे दौर में मतदान के लिए 33 हजार 782 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. 45 हजार 953 बैलट यूनिट और 33 हजार 782 VVPAT का इस्तेमाल होगा.
मतदाताओं के लिहाज से सबसे बड़ी विधानसभा सहरसा है. यहां 3.70 लाख वोटर हैं. इनमें से 1.92 लाख पुरुष, 1.77 लाख महिला और 2 ट्रांसजेंडर वोटर हैं.
वोटर के लिहाज से सबसे छोटी विधानसभा हायाघाट है. यहां 2.41 लाख वोटर हैं. इनमें से 1.27 लाख पुरुष, 1.14 लाख महिला और 4 ट्रांसजेंडर वोटर हैं.
Ranjana



