रांची: आज अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने आज कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा श्री लालकृष्ण आडवाणी को उनके आवास पर भारतरत्न से सम्मानित करने के दौरान भी उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पीएम नरेन्द्र मोदी सहित सभी लोग बैठे रहे. तिर्की का कहना है कि ये सिर्फ राष्ट्रपति के सर्वोच्च पद का अपमान ही नहीं बल्कि पीएम मोदी और भाजपा ने जानबूझकर देश की आधी आबादी अर्थात महिलाओं के साथ ही आदिवासियों को भी अपमानित किया है और अप्रत्यक्ष रूप में इसे यदि आदिवासियों एवं महिलाओं की प्रताड़ना कहा जाये तो यह गलत नहीं होगा.तिर्की का कहना है कि जिस प्रकार से देश की चार सुप्रसिद्ध शख्सियतों को राष्ट्रपति भवन में एक दिन पहले ही भारतरत्न से सम्मानित किया गया था, उसी तरह का कार्यक्रम यदि राष्ट्रपति भवन में ही होता और श्री आडवाणी सम्मानित होते तो ज्यादा गौरव की बात होती क्योंकि यह सम्मान देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद के साथ ही सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्रपति भवन से भी जुड़ा हुआ है.तिर्की ने अफसोस व्यक्त किया कि PM मोदी और भाजपा सिर्फ अपनी चुनावी राजनीति और अपने स्वार्थ को साधने के लिये वैसे कार्य कर रही है जो न केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन है बल्कि उससे आगे जाकर यह लोकतंत्र के खिलाफ में तो है ही साथ ही इससे एक वैसी आधारशिला तैयार हो रही है जो आनेवाले कई सालों तक राजनीतिक व्यवहार को दूषित करती रहेगी.



