रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में एक महिला कैदी गर्भवती हो गई।बाबूलाल मरांडी ने केंद्राधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाया है।उन्होंने दावा किया कि न्यायिक अभिरक्षा में बंद महिला कैदी के साथ जेल सुपरिटेंडेंट द्वारा लगातार शोषण किया गया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई।मरांडी ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए पीड़िता को इलाज और बीमारी के बहाने गुप्त स्थानों एवं चिकित्सालयों में ले जाकर जैविक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जेल आईजी पर मामले को रफा-दफा करने, दस्तावेज गायब करने और आरोपित अधिकारियों को संरक्षण देने के आरोप हैं।
बाबूलाल मरांडी ने दावा किया है कि इस पूरे घटनाक्रम के गवाह रहे जेल कर्मियों का भी योजनाबद्ध तरीके से तबादला किया जा रहा है ताकि मामले को दबाया जा सके।सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखते हुए बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपित जेल सुपरिटेंडेंट और संबंधित अधिकारियों को तत्काल पदमुक्त कर गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठेंगे।उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग सहित उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।




