रांची : अरगोड़ा फ्लाइओवर योजना को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वीकृति दे दी है. पथ निर्माण विभाग ने इस योजना का प्रस्ताव तैयार करके मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था. उन्हें प्रजेंटेशन के माध्यम से भी दिखाया गया था. अब मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिल गयी है. ऐसे में आगे की प्रक्रिया तेजी से की जायेगी, जल्द ही इसकी प्रशासनिक स्वीकृति भी करायी जायेगी, जानकारी के मुताबिक इस योजना का डीपीआर करीब 220 करोड़ रुपये का तैयार कराया गया है. यहां फ्लाइओवर को राउंड अबाउट बनाया जायेगा, यानी चारों और से इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसे फोर लेन और टू लेन दोनों तरह का बनाया जायेगा, जगह और उपयोगिता के मुताबिक इसका निर्माण करना है. मुख्य फ्लाइओवर अरगोड़ा चौक से चापुटोली तक टू लेन का होगा. अशोक नगर की और उतरने वाला मार्ग भी टू लेन का होगा. वहीं हरमू और डिबडीह रोड की ओर फोर लेन का फ्लाइओवर बनना है. इसके मुताबिक ही योजना का डीपीआर और डिजाइन तैयार किया गया है.
अरगोड़ा चौक पर एक साथ कटहल मोड़, हरमू, अशोक नगर व डिबडीह की ओर से आनेवाले वाहनों का दबाव होता है. इससे यह चौक पूरी तरह जाम हो जाता है, लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ता है. सबसे ज्यादा समस्या अरगोड़ा चौक से ओल्ड अरगोड़ा चौक और चापुटोली के बीच होती है. यहां अक्सर सड़क जाम की समस्या रहती है. गाड़ियों का यहां से गुजरना मुश्किल होता है. कटहल मोड़ की ओर से गुमला, सिमडेगा, पलामू, लातेहार, रातू आदि इलाके के वाहन अरगोडा चौक पहुंचते हैं. इस फ्लाइओवर के बन जाने से यहां जाम की समस्या दूर हो जायेगी. वहीं हरमू-डिबडीह रोड से क्रॉस करने वाले वीवीआइपी को भी परेशानी नहीं होगी.




