रांची : मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में विभिन्न सरकारी पदों के लिए चल रही नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा की। इसके अलावा मंत्रालय में फ्लाई ओवर ब्रिज, रांची तथा अन्य शहरों के ट्रैफिक व्यवस्था से सम्बंधित कार्य प्रगति की भी समीक्षा की गयी। बैठक में सीएम ने जेएसएससी द्वारा आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की जानकारी ली.सरकारी विभागों में जिन पदों पर नियुक्ति होनी है उसकी चयन प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश जारी किए. सभी नियुक्तियों में सरकार की नियुक्ति नियमावली और रोस्टर का पालन करने को कहा गया है.सीएम ने जेएसएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता परीक्षाओं में पूरी गोपनीयता और पारदर्शिता बरतने का निर्देश जारी किया है.साथ ही सीएम ने चेतावनी दे डाली है कि किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पेपर लीक जैसी घटनाएं होने पर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया सीएम ने सितंबर माह तक पूरी कर लेने का JSSC अध्यक्ष प्रशांत कुमार को निर्देश दिया है। इस दौरान जेएसएससी अध्यक्ष ने सीएम को आयोग द्वारा ली जाने वाली सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं की चल रही प्रक्रिया से अवगत कराते हुए बताया कि आयोग की तरफ से लगभग 35 हज़ार पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।




