धनबाद के तोपचांची में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा/ इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार मथुरा प्रसाद महतो के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा में आज सीएम चम्पई सोरेन शामिल हुए ।सीएम ने कहा झारखंड आंदोलन के समय से, एक सवाल हमेशा मन में आता था कि खनिज- संपदा के मामले में अमीर हमारे इस राज्य के आदिवासी, मूलवासी एवं आम लोग गरीब क्यों हैं? उनके जीवन में बदलाव कैसे आएगा?जब हम सत्ता में आये, तो हम ने उन लोगों के जीवन स्तर में बदलाव लाने का प्रयास किया, जो सामाजिक तौर पर विकास की दौड़ में पिछड़ रहे थे। जिन्होंने इस नये राज्य के साथ अपने बेहतर भविष्य के सपने देखे थे।केंद्र सरकार के साथ ना देने के बावजूद, हम ने 36 लाख से ज्यादा परिवारों को पेंशन से जोड़ा, 20 लाख से ज्यादा राशन कार्ड बनाए गए, सबके लिए कपड़ों का इंतजाम किया गया। केंद्र के पीछे हटने के बावजूद, हम 20 लाख परिवारों को अबुआ आवास देने जा रहे हैं। क्योंकि, हमारा लक्ष्य राज्य की सामाजिक परिस्थिति में बदलाव लाना है।फिर छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड एवं सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस द्वारा गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की मुहिम शुरू हुई, ताकि इन परिवारों का भविष्य बेहतर बन सके।पलामू समेत राज्य के कई स्थानों में सूखे की वजह से किसान परेशान रहते थे, अब वहां पाइप लाइन पर आधारित सिंचाई योजना शुरू की गई है। जब किसानों के खेतों में सालों भर पानी पहुंचेगा तो वे अपनी मेहनत से समृद्ध हो जायेंगे। हम आम झारखंडियों के जीवन स्तर में बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।इन चुनावों में झारखंड के आम लोगों के सामने दो विकल्प हैं। एक पार्टी यहां की खनिज संपदा का फायदा बाहरी लोगों को पहुंचा रही थी और दूसरी ओर हम लोग हैं, जो झारखंड के हर गांव के विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए प्रयासरत हैं।हमें पूर्ण विश्वास है कि लोकतंत्र एवं संवैधानिक अधिकारों को बचाने तथा राज्य की आम लोगों के सशक्तिकरण की इस मुहिम में, प्रदेश की जनता हमारे साथ है।


